Madhya Pradesh

जबलपुर में क्राइम का बड़ा खुलासा! हत्या के आरोपी से हथियारों का जखीरा, गांजा तस्करी और साइबर ठगी के मामले भी सामने आए

क्राइम का बड़ा खुलासा! हत्या के आरोपी से हथियारों का जखीरा, गांजा तस्करी और साइबर ठगी के मामले भी सामने आए

जबलपुर। जिले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान अपराध की अलग-अलग तस्वीरें सामने आई हैं। एक ओर हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार इनामी आरोपी शेख आदिल को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया, वहीं उसके कब्जे और निशानदेही पर बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। दूसरी ओर खमरिया पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 12 किलो 766 ग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को पकड़ा।

हत्या के मामले में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार,
क्राइम ब्रांच ने शेख आदिल पिता शेख निजाम, उम्र 35 वर्ष को लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना माढ़ोताल के अनिराज नायडू हत्याकांड और ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के मामले में फरार था।

पुलिस के अनुसार तलाशी में आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और चार कारतूस मिले। पूछताछ के बाद मकान की तलाशी में 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, तलवार, बका और चाकू सहित 54 कारतूस, 68 खाली खोखे, 9 मैगजीन और 23 मोबाइल बरामद किए गए।

पुलिस का दावा है कि आरोपी छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है। मामले में शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

खमरिया में 6.38 लाख का गांजा बरामद,
वहीं 18 अगस्त को क्राइम ब्रांच और थाना खमरिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सुजुकी एक्सिस सवार शिवम केशरवानी और हर्षित केशरवानी को पकड़ा। तलाशी में दोनों के बैग से 12 किलो 766 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा ओडिशा के सम्बलपुर से ट्रेन के जरिए लेकर आए थे। गांजा और परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

बैंक कर्मचारी से 50 हजार और छात्रा से 67 हजार की साइबर ठगी,
थाना खितौला क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर को साइबर ठगों ने लिंक और वीडियो कॉल के जरिए निशाना बनाया। खाते से 50 हजार रुपये निकलने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

वहीं घमापुर क्षेत्र की 19 वर्षीय छात्रा से कॉलेज का फॉर्म भरने के दौरान संदिग्ध लिंक के जरिए 67 हजार 910 रुपये की ठगी का मामला सामने आया। दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

नौकरी का झांसा देकर 90 हजार की ठगी,
रांझी क्षेत्र में एक युवक को विशाखापट्टनम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में करीब 90 हजार रुपये वसूलने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित महिला और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर चाकूबाजी,
गोरखपुर में शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने और पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट तथा चाकू से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ। इसी तरह हनुमानताल क्षेत्र में भी नाबालिग से शराब के लिए पैसे मांगने के बाद चाकू से हमला करने की शिकायत सामने आई।

मझोली में शराब दुकान पर मुफ्त शराब मांगने और मना करने पर कर्मचारियों से विवाद, तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला भी दर्ज किया गया है।

खेत से समर्सिबल पंप चोरी,
बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में करीब 35 हजार रुपये कीमत का समर्सिबल पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता ने दो संदिग्धों पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

वहीं लॉर्डगंज क्षेत्र में जर्जर मकान की दीवार में बने रास्ते से अज्ञात चोरों द्वारा पीतल की टंकी, लोहे का सामान, बिजली के बोर्ड, ट्रांसफार्मर और 35 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।

एक ही दिन में अपराध की कई तस्वीरें,
जबलपुर में सामने आए इन मामलों में हत्या, अवैध हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, नौकरी के नाम पर ठगी, चाकूबाजी और चोरी जैसी घटनाएं शामिल हैं। पुलिस अलग-अलग मामलों में आरोपियों की तलाश और जांच में जुटी है। वहीं इनामी आरोपी की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी को पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button