जबलपुर में 8 से 10 बदमाशों ने चाकू से किया युवक हमला! प्रतीक ठाकुर और साथियों पर मामला दर्ज, बेसबॉल बैट से कार में तोड़फोड़,

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज और वाहन में तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, गढ़ा थाना क्षेत्र के निवासी संस्कार जैन पर कथित रूप से प्रतीक ठाकुर और उसके 8 से 10 साथियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले शराब पीने के लिए पैसों की मांग की और इनकार करने पर विवाद को हिंसक रूप दे दिया। सवाल यह है कि आखिर जबलपुर में कानून का डर खत्म कर ऐसे लोग खुलेआम दबंगई दिखाने की हिम्मत कैसे जुटा रहे हैं?
आधी रात के बाद रास्ते में घेरकर किया हमला,
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर की रात संस्कार जैन अपने दोस्तों अचिन्त्य झारिया, हिमांशु बघेला और विवेक चक्रवर्ती के साथ खाना खाने गए थे। 10 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे, आदिनाथ स्टील कंपनी गेट के पास वे अपने वाहन लेने पहुंचे। इसी दौरान सफेद बोलेरो सहित अन्य वाहनों से कुछ लोग वहां पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रतीक ठाकुर ने संस्कार से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई।
बेसबॉल बैट से हमला, गाड़ी के कांच भी तोड़े,
शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बेसबॉल बैट से कार के कांच तोड़ दिए और संस्कार के सिर पर वार किया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति द्वारा नुकीली वस्तु से पैर पर हमला किए जाने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे उन्हें चोट आई और खून निकलने लगा। दोस्तों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
मेडिकल कॉलेज में उपचार, फिर थाने पहुंचा पीड़ित,
घायल संस्कार जैन को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इसके बाद उन्होंने भेड़ाघाट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में एफआईआर क्रमांक 0453/2026 दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 118(1), 296(b), 3(5), 324(4), 351(2) और 119(1) का उल्लेख है।
भेड़ाघाट पुलिस से घायल का सवाल—आरोपियों पर कब होगी सख्त कार्रवाई?
यह मामला सिर्फ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का नहीं, बल्कि खुलेआम धमकी और कथित वसूली की कोशिश का भी है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह बेहद गंभीर घटना है। अब सवाल भेड़ाघाट थाना पुलिस से है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? क्या पीड़ित और उसके दोस्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है? क्या घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है?



