Madhya Pradesh

दोहरे हत्याकांड से दहला जबलपुर! मुख्य आरोपी सहित 7 गिरफ्तार, आरोपियों के जुलूस में भड़का जनता का गुस्सा, पुलिस ने किया हल्का लाठीचार्ज

जबलपुर। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और खुशियों में डूबा था, उसी दौरान घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया में खूनी खेल खेला गया। जुए के दौरान हुए विवाद और पुरानी रंजिश ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। आरोपियों ने कार्तिक चौधरी और करन पासी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल करन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश फैल गया।

दोहरे हत्याकांड के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा,
इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच और आरोपियों की तलाश तेज की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। नाबालिग की पहचान उजागर नहीं की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर जुलूस निकाला गया।

आरोपियों को देखकर भड़का क्षेत्रवासियों का गुस्सा,
जैसे ही पुलिस आरोपियों को लेकर घटनास्थल पहुंची, वहां मौजूद क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों पर हमला करने का प्रयास किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और लोगों को अलग किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को सुरक्षा घेरे में लेकर वहां से रवाना किया।

पुलिस की सुरक्षा में कोर्ट पहुंचे आरोपी, जेल में दाखिल,
घटनास्थल पर बने तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए गिरफ्तार आरोपियों को सुरक्षित न्यायालय पहुंचाया। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद आरोपियों को जेल में दाखिल कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से दोहरे हत्याकांड के मामले में बड़ी सफलता सामने आई है।

दो परिवारों के बुझ गए चिराग, शहर में गुस्सा बरकरार,
दीपावली का त्योहार दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। जिन घरों में खुशियों के दीप जलने थे, वहां अब अपनों को खोने का मातम है। कार्तिक चौधरी और करन पासी की मौत ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और चाकूबाजी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सवाल यह है कि आखिर जुए और पुरानी रंजिश के विवाद में दो युवकों की जान लेने की नौबत क्यों आई? पुलिस की गिरफ्त में आए सातों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में सुनवाई होगी और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने का इंतजार है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles