Madhya Pradesh

अब मनचलों की खैर नहीं!” एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल खुद उतरीं मैदान में, ‘गरिमा अभियान’ से बेटियों को मिला सुरक्षा का भरोसा

अब मनचलों की खैर नहीं!" एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल खुद उतरीं मैदान में, 'गरिमा अभियान' से बेटियों को मिला सुरक्षा का भरोसा

 

संस्कारधानी जबलपुर में अब बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। उनके नेतृत्व में शुरू किया गया ‘गरिमा अभियान’ अब शहर के स्कूलों और कॉलेजों के बाहर सक्रिय मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ा अभियान बन चुका है।

यह केवल एक औपचारिक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम है। अभियान के तहत पुलिस की टीमें लगातार स्कूलों और कॉलेजों के बाहर निगरानी कर रही हैं, ताकि कोई भी मनचला छात्राओं का पीछा करने या उन्हें परेशान करने की हिम्मत न कर सके।

इसी कड़ी में रानी दुर्गावती स्कूल के बाहर पुलिस ने अचानक चेकिंग अभियान चलाया। छुट्टी के समय कई युवक बिना किसी कारण स्कूल के बाहर घूमते मिले। कई मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट के संचालित होती मिलीं। पुलिस ने तत्काल ऐसे युवकों को रोककर पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की।

इस दौरान एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने छात्राओं से सीधे बातचीत भी की। छात्राओं ने खुलकर बताया कि कई युवक रोज स्कूल के बाहर खड़े होकर उनका पीछा करते हैं और उन्हें असहज महसूस कराते हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने ऐसे संदिग्ध युवकों की पहचान शुरू कर दी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।

एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने स्पष्ट कहा कि जबलपुर पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति छात्राओं या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी मनचले या शोहदे को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं से भी अपील की कि यदि कोई उनका पीछा करे, अभद्र व्यवहार करे या किसी भी प्रकार से परेशान करे, तो बिना डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगी।

‘गरिमा अभियान’ के माध्यम से जबलपुर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि शहर की बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आने वाले दिनों में शहर के सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह की सघन निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button