Madhya Pradesh

लापरवाही बनी जानलेवा! चेतावनियों के बावजूद तिलवारा घाट में उतरे दो युवक, एक बचा… दूसरा नर्मदा में लापता

लापरवाही बनी जानलेवा! चेतावनियों के बावजूद तिलवारा घाट में उतरे दो युवक, एक बचा... दूसरा नर्मदा में लापता

जबलपुर के तिलवारा नर्मदा घाट पर एक बार फिर लापरवाही भारी पड़ गई। बरसात के मौसम में तेज बहाव और खतरे की आशंकाओं के बावजूद दो युवक नर्मदा नदी में नहाने उतर गए। कुछ ही देर में दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद नाविकों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दूसरा युवक नदी में लापता हो गया। अब पुलिस, गोताखोर और स्थानीय नाविक उसकी तलाश में जुटे हैं।

 

घटना तिलवारा नर्मदा घाट के बड़े पुल के नीचे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक बिना खतरे का अंदाजा लगाए नदी में उतर गए। बरसात के कारण नर्मदा का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव बेहद तेज था। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में फंस गए और मदद के लिए चीखने लगे।

 

मौके पर मौजूद राकेश केवट और राजकुमार बर्मन ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल नाव लेकर रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों ने भी उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

बचाए गए युवक ने बताया कि वह और उसका दोस्त रांझी के मानेगांव स्थित गांधी चौक के रहने वाले हैं और घूमने के लिए तिलवारा घाट आए थे। नहाने के दौरान अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद यह हादसा हो गया।

 

घटना के बाद पुलिस ने लापता युवक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है।

 

यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही का गंभीर परिणाम भी है। हर वर्ष बरसात के मौसम में प्रशासन लोगों से तेज बहाव वाली नदियों में न उतरने की अपील करता है, फिर भी लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। फिलहाल पुलिस लापता युवक की तलाश में जुटी है, जबकि यह घटना सभी के लिए एक सबक है कि नदी के तेज बहाव को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए।

Related Articles

Back to top button