Madhya Pradesh

जबलपुर में धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक हरकत से तनाव, आरोपी पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

जबलपुर में धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक हरकत से तनाव, आरोपी पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगरहा मोहल्ला में एक धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक हरकत किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि काजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद रिजवान उर्फ रिज्जु भूरा ने भगवान शिव की पिंडी और मंदिर परिसर में अभद्र आचरण किया, जिससे स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को मंदिर परिसर में हरकत करते समय लोगों ने पकड़ लिया, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने मामले में धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1)(B), 298 एवं 299 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल, सिंगरहा मोहल्ला और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त कराई जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस का दावा है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है।

बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए। वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

हिंदू संगठनों ने घोषणा की है कि घटना के बाद कल दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने से बचें और शांति बनाए रखें। मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Back to top button