Madhya Pradesh

दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहला संजीवनी नगर: पैसे के विवाद में युवक की हत्या,

दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहला संजीवनी नगर: पैसे के विवाद में युवक की हत्या,

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बीच सड़क पर बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

जानकारी के अनुसार, आम्बा टेंट हाउस के पास 6 बदमाशों ने मिलकर शाहिनाका निवासी आयुष साहू पर जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपियों ने पहले युवक से कहासुनी की, जिसके बाद चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक और एक्टिवा से मौके से फरार हो गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल आयुष साहू को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, काला और उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में खुलेआम चाकूबाजी और फिर युवक की मौत से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Related Articles

Back to top button