जबलपुर में दिनदहाड़े और बीच बाजार चाकूबाजी से दहला जबलपुर! शराब के लिए वसूली, विरोध पर हमला, बदमाशों ने दी पुलिस को खुली चुनौती
दिनदहाड़े और बीच बाजार चाकूबाजी से दहला जबलपुर! शराब के लिए वसूली, विरोध पर हमला, बदमाशों ने दी पुलिस को खुली चुनौती

जबलपुर शहर में अब दिनदहाड़े और बीच बाजार चाकूबाजी व गुंडागर्दी की घटनाएं आम होती जा रही हैं। हालत यह है कि शराब के लिए पैसे मांगने वाले बदमाश खुलेआम लोगों को रोक रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट, चाकूबाजी और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। गोरखपुर, कोतवाली और घमापुर थाना क्षेत्रों से सामने आई लगातार घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीच बाजार और सड़कों पर हो रही इन वारदातों से लोग दहशत में हैं।
गोरखपुर थाना क्षेत्र के कुम्हार मोहल्ला में रहने वाली 32 वर्षीय कविता चक्रवर्ती अपने घर पर मौजूद थीं। तभी आरोपी हर्ष बेन शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और शराब पीने के लिए एक हजार रुपए मांगने लगा। जब महिला ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान कविता चक्रवर्ती के पेट में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचीं धन्नाबाई और भूरीबाई को भी आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गया।
इसी थाना क्षेत्र में आंचल बिहार कटंगा निवासी 48 वर्षीय अमित चक्रवर्ती देर रात अपनी कार से घर लौट रहे थे। महर्षि स्कूल के पास एक्टिवा सवार मुन्ना उर्फ शैलेष जायसवाल ने उनकी कार रोक ली। आरोपी ने शराब पीने के लिए दो हजार रुपए मांगे और पैसे नहीं देने पर बीच सड़क पर मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में अमित चक्रवर्ती के गाल और माथे में चोट आई।
सबसे गंभीर घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र के आर्य समाज मंदिर के पास अवतार ज्वेलर्स के सामने बीच बाजार हुई। नर्मदागंज बिल्डिंग निवासी 19 वर्षीय दुर्गेश झारिया अपने दोस्तों अनिकेत बेन, करण बैरागी और बाबू बेन के साथ खड़ा था। तभी बाइक सवार निखिल बर्मन, सुरेश बर्मन और मोहित चक्रवर्ती वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए 800 रुपए मांगने लगे। दुर्गेश द्वारा पैसे देने से मना करने पर तीनों आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर बीच बाजार हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान निखिल बर्मन ने चाकू निकालकर दुर्गेश की दाहिनी जांघ पर हमला कर दिया। दिनदहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस चाकूबाजी से आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के चेरीताल में रहने वाले सौरभ आनंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका रिश्तेदार अर्पण आनंद शराब के नशे में घर पहुंचा और एक करोड़ रुपए की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने घर के दरवाजे और बाहर खड़ी कार में पत्थर मारकर तोड़फोड़ कर दी। आरोपी ने सराफा बाजार में दुकान खोलने पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी तक दे डाली।
घमापुर थाना क्षेत्र में चांदमारी तलैया निवासी सूरज सोंधिया के साथ भी शराब के लिए पैसे मांगने पर मारपीट की गई। पंचशील स्कूल के पास बैठे सूरज से नीरज अहिरवार, बबलू यादव, मनोज यादव, सागर यादव और सुदर्शन भाऊ ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंट और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे सूरज के मुंह, सीने, पीठ और जांघ में चोटें आईं।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि शहर में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। दिनदहाड़े और बीच बाजार चाकू चल रहे हैं, लेकिन अपराधियों में पुलिस का डर दिखाई नहीं दे रहा। सवाल यह है कि आखिर जबलपुर की सड़कों पर खुलेआम चाकूबाजी करने वाले बदमाशों पर सख्त कार्रवाई कब होगी? अगर समय रहते पुलिस ने सख्ती नहीं दिखाई, तो आने वाले दिनों में हालात और ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन लगातार बढ़ती चाकूबाजी और शराब के नशे में हो रही गुंडागर्दी ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।



