Madhya Pradesh

जबलपुर में नौकरानी निकली लाखों की ज्वेलरी चोरी की मास्टरमाइंड, बेटे संग मिलकर उड़ाए 20 लाख के गहने, ग्वारीघाट पुलिस ने किया खुलासा

नौकरानी निकली लाखों की ज्वेलरी चोरी की मास्टरमाइंड, बेटे संग मिलकर उड़ाए 20 लाख के गहने, ग्वारीघाट पुलिस ने किया खुलासा

जबलपुर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में हुई लाखों की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए हैं। मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में ज्योति ठाकुर पति चन्द्रभान सिंह ठाकुर उम्र 55 वर्ष निवासी कंचनपुर रेतनाका ग्वारीघाट तथा उसका बेटा यश ठाकुर उम्र 24 वर्ष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ज्योति ठाकुर फरियादी के घर में खाना बनाने का काम करती थी और इसी दौरान उसने घर में रखे कीमती जेवरों पर नजर गड़ा ली।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिलेभर में चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

दरअसल, आस्था नगर निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह, जो अमेरिका के पेन्सिलवेनिया राज्य में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने थाना ग्वारीघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां नलिनी द्विवेदी के निधन के बाद जब वे अमेरिका लौटने की तैयारी कर रहे थे, तब अलमारी में रखे करीब 13 से 14 तोला सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवर गायब मिले। चोरी इतनी शातिराना तरीके से की गई थी कि सोने के खाली डिब्बे वापस अलमारी में वैसे ही रख दिए गए थे।

पुलिस ने घर में काम करने वाले लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान खाना बनाने वाली ज्योति ठाकुर पर संदेह गहराया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि कुछ जेवर उसने अपने बेटे यश ठाकुर को रखने के लिए दिए थे जबकि बाकी जेवर अपने घर की अलमारी में छिपाकर रखे थे।

पुलिस ने मां-बेटे की निशानदेही पर सोने का हार, मंगलसूत्र, चैन, पेंडल सेट, कान के टॉप्स, चूड़ियां, झुमकी, अंगूठी सहित बड़ी मात्रा में सोने के जेवर बरामद किए हैं। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी ग्वारीघाट एच.आर. आटनेरे, उप निरीक्षक परिणीता बेलेकर, आरक्षक संजय गोस्वामी, प्रधान आरक्षक नेहा दुबे और आरक्षक सौरभ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button