करदाता हमारे लिए देवतुल्य, लोक अदालत में कर जमा करने पहुंचे नागरिकों का महापौर, अध्यक्ष, राजस्व प्रभारी और निगमायुक्त ने पुष्पमाला से किया सम्मान
महापौर ने अपने हाथों से करदाताओं को पिलाई चाय-पानी, अधिकारियों को दिए बिना किसी परेशानी के सुगम व्यवस्था के निर्देश*


जबलपुर – लोक अदालत के अवसर पर नगर निगम द्वारा एक अनूठी और अनुकरणीय पहल देखने को मिली। बकाया करों की राशि जमा करने पहुंचे शहर के सम्मानित करदाताओं का महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, राजस्व प्रभारी डॉ. सुभाष तिवारी एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने पूरे आदर और आत्मीयता के साथ अभिनंदन किया।
संभाग क्रमांक 12 और 13 के निरीक्षण के दौरान उपस्थित हुए करदाताओं से महापौर ने आत्मीयता से संवाद किया। इसके पश्चात महापौर, अध्यक्ष, राजस्व प्रभारी एवं निगमायुक्त ने करदाताओं को पुष्पगुच्छ भेंट किए और माला पहनाकर उनका नागरिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर महापौर ने स्वयं अपने हाथों से उपस्थित करदाताओं को चाय-पानी सर्व कर उनका आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के उपरांत करदाताओं को कर जमा कराने और उन्हें लाभ पहुॅंचाने के लिए स्वयं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, राजस्व प्रभारी एम.आई.सी. सदस्य डाॅं. सुभाष तिवारी, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, पार्षद अतुल जैन दानी, श्रीमती प्रतिभा भापकर के साथ पूरी नगर निगम की टीम राजस्व विभाग में बैठी रही तथा करदाताओं से दूरभाष पर बात कर उन्हें लोक अदालत में मिलने वाली छूट का लाभ से लाभांवित करते रहे।

महापौर श्री अन्नू ने इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए समय पर कर जमा करने वाले ये करदाता हमारे लिए देवतुल्य हैं। नगर निगम परिसर या संभागीय कार्यालयों में आने पर इन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा या तकनीकी दिक्कतों का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।ऐतिहासिक वसूली में पिछली लोक अदालत में 6.5 करोड़ रूपये वसूली से 150 प्रतिशत बढ़ोत्तरी के साथ लगभग 12 हजार करदाताओं ने 17 करोड़ 67 लाख रूपये की राशि निगम खजाने में जमा की। उपस्थित करदाताओं ने नगर निगम के इस सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार की भूरी-भूरी प्रशंसा की।



