Madhya Pradesh

जबलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: शहर से गांव तक चली सर्जिकल कॉम्बिंग गश्त, 290 वारंट तामील

जबलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: शहर से गांव तक चली सर्जिकल कॉम्बिंग गश्त, 290 वारंट तामील

जबलपुर में अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए शहर और ग्रामीण पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर देर रात तक चले विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान में वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों और आरोपियों की धरपकड़ की गई। इस दौरान पुलिस ने कुल 290 वारंट तामील कर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया।

शहर और देहात के थाना क्षेत्रों में 9 मई की रात 9 बजे से लेकर 10 मई की रात 2 बजे तक व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा सहित समस्त नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की टीमों ने कार्रवाई के दौरान 134 गैर म्यादी वारंटियों को पकड़ने में सफलता हासिल की, वहीं 66 गिरफ्तारी वारंट और 90 जमानती वारंट भी तामील किए गए। लंबे समय से फरार चल रहे कई आरोपी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने उन्हें तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।

देर रात तक चली इस कार्रवाई में शहर के संवेदनशील इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। सक्रिय गुंडे-बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ भी की।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जनता में सुरक्षा का माहौल बनाना और अपराधियों के मन में कानून का डर कायम रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जबलपुर पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

शहर और ग्रामीण पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से अपराधियों में डर और आम जनता में भरोसे का माहौल देखने को मिल रहा है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button