Madhya Pradesh

जबलपुर ई-एफआईआर में प्रदेश में प्रथम, ई-विवेचना में तीसरा स्थान,कप्तान संपत उपाध्याय की सतत मॉनिटरिंग और प्रयासों का असर

ई-एफआईआर में प्रदेश में प्रथम, ई-विवेचना में तीसरा स्थान,कप्तान संपत उपाध्याय की सतत मॉनिटरिंग और प्रयासों का असर

जबलपुर। तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में जबलपुर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) के तहत ई-एफआईआर दर्ज करने में जबलपुर जिले ने पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि ई-विवेचना में जिला तृतीय स्थान पर रहा है। इस उपलब्धि के पीछे पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय की सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और प्रभावी कार्यशैली को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
नियमित बैठकों से सुधार की मजबूत नींव-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने सीसीटीएनएस कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए समय-समय पर पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विवेचकों की बैठकें लीं। इन बैठकों में ई-एफआईआर, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य, ई-चालान और ई-समंस जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही, कार्य में आ रही तकनीकी दिक्कतों और शंकाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया गया।
तकनीकी प्रशिक्षण से बढ़ी कार्यक्षमता-
जबलपुर पुलिस ने केवल समीक्षा तक सीमित न रहकर व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया। समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित कर विवेचकों को पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदत्त टैबलेट के माध्यम से ई-विवेचना, केस डायरी लेखन, नक्शा मौका तैयार करने और डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया। इससे पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
सीसीटीएनएस से पारदर्शिता और तेजी-
सीसीटीएनएस परियोजना राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना का अहम हिस्सा है, जिसके माध्यम से अपराध और अपराधियों की रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव हो सकी है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्य होने से न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि विवेचना प्रक्रिया में तेजी और सटीकता भी आई है।
सतत प्रयासों से मिली बड़ी सफलता-
कप्तान संपत की सतत मॉनिटरिंग, फील्ड स्तर पर फॉलोअप और तकनीक के प्रभावी उपयोग के निर्देशों का ही परिणाम है कि जबलपुर पुलिस ने प्रदेश स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरी है।
जबलपुर से सुनील सेन 7974423030

Related Articles

Back to top button