Madhya Pradesh

जबलपुर में टेलिग्राफ फैक्ट्री में मौत का मलबा! जर्जर दीवार गिरने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, प्रबंधन पर गंभीर सवाल

टेलिग्राफ फैक्ट्री में मौत का मलबा! जर्जर दीवार गिरने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, प्रबंधन पर गंभीर सवाल

जबलपुर। शहर के मदन महल थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक टेलिग्राफ फैक्ट्री परिसर में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। फैक्ट्री के पुराने स्टोर रूम के पास कबाड़ और लोहे का सामान हटाने के दौरान अचानक एक जर्जर ईंट की दीवार भरभराकर मजदूरों के ऊपर जा गिरी। मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। करीब आधा दर्जन मजदूर फैक्ट्री परिसर में कबाड़ हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 25 से 30 साल पुरानी और कमजोर बताई जा रही दीवार अचानक ढह गई। नीचे काम कर रहे दो मजदूर भारी मलबे के नीचे दब गए। साथी मजदूरों ने शोर मचाया और तत्काल मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।

सूचना मिलते ही मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतकों की आधिकारिक पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों जबलपुर के रहने वाले दैनिक मजदूर बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद गेट बंद करने का आरोप,
घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और मजदूरों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री के मुख्य गेट बंद कर दिए गए। आरोप है कि करीब एक घंटे तक पुलिस को भी परिसर के अंदर जाने के लिए इंतजार करना पड़ा।

अब सवाल यह है कि अगर हादसा महज दुर्घटना था, तो घटना के तुरंत बाद फैक्ट्री के गेट क्यों बंद किए गए? क्या प्रबंधन हादसे की जानकारी बाहर जाने से रोकना चाहता था? इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल,
मजदूरों से जर्जर ढांचे के पास कबाड़ हटाने का काम कराए जाने के दौरान सुरक्षा उपकरण, हेलमेट और इंजीनियर की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि जांच में यह सामने आता है कि कमजोर दीवार के बारे में जानकारी होने के बावजूद मजदूरों को वहां काम पर लगाया गया था, तो यह गंभीर लापरवाही का मामला हो सकता है।

मदन महल थाना प्रभारी के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि मजदूरों को किसके निर्देश पर जर्जर ढांचे के पास काम कराया जा रहा था और हादसे के बाद गेट बंद करने की वजह क्या थी।

फिलहाल फैक्ट्री परिसर में काम रोक दिया गया है और पुलिस ने घटनास्थल को जांच के दायरे में ले लिया है।

इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है—पुरानी और जर्जर सरकारी संपत्तियों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? दो परिवारों के चिराग बुझ गए, लेकिन अब जांच यह तय करेगी कि यह महज हादसा था या लापरवाही से हुई मौत।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button