जबलपुर में डिस्पोजल ग्लास के विवाद ने लिया खूनी मोड़! शिवम यादव और कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा पर जानलेवा हमले का आरोप… बरेला थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
डिस्पोजल ग्लास के विवाद ने लिया खूनी मोड़! शिवम यादव और कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा पर जानलेवा हमले का आरोप... बरेला थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गौर चौकी में मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। एक पान ठेले पर डिस्पोजल ग्लास को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में घायल सुनील बर्मन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम यादव उर्फ अरुण और कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना गौर चौकी क्षेत्र स्थित एकता मार्केट में बीकानेर मिष्ठान के पास की है। पीड़ित सुनील बर्मन अपने साथियों आर्यन केवट और सुमित चौधरी के साथ पान ठेले पर डिस्पोजल ग्लास लेने पहुंचा था। इसी दौरान डिस्पोजल ग्लास को लेकर पान ठेला संचालक शिवम यादव उर्फ अरुण से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शिवम यादव और उसके साथी कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा ने कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे साथियों के साथ भी मारपीट हुई। आरोप है कि इसी दौरान कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा ने चाकू निकालकर सुनील बर्मन के पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शिवम यादव उर्फ अरुण और कान्हा उर्फ मयंक विश्वकर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
फिलहाल बरेला थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
महज एक डिस्पोजल ग्लास के विवाद ने एक युवक को अस्पताल पहुंचा दिया। बरेला थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर छोटे-छोटे विवादों में बढ़ती हिंसा पर चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर हैं कि आरोपी कब तक कानून की गिरफ्त में आते हैं।



