जबलपुर में नरकंकाल में तब्दील हुआ जिंदा जले युवक का शव, फनिंगो गेम जॉन में लगी भीषण आग, बरगी पुलिस पूरे मामले की कर रही जांच

जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत मानेगांव क्षेत्र स्थित फनिंगो गेम जोन में भीषण आग लग गई। इस आगजनी की घटना में एक युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है जो पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इतनी भयानक थी कि उसमें फंसे युवक का शव पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गया। शुरुआती तौर पर मौके पर मौजूद दमकल टीम ने आग बुझाने के बाद किसी भी जनहानि से इंकार किया था, लेकिन देर रात पुलिस द्वारा दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाए जाने पर राखनुमा नर कंकाल बरामद हुआ। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना के समय गेम जोन के अंदर कर्मचारी, एक वेल्डर और कुछ लोग मौजूद थे। जैसे ही आग भड़की, वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर बाहर भागे। दमकल विभाग के तीन से चार गाड़ियां और टैंकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं पूरे मामले में बरगी थाना प्रभारी नीलेश दौहरे का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से मिले नर कंकाल का पंचनामा कर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभवतः वेल्डिंग कार्य के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। हालांकि, पुलिस और एफएसएल की टीम हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
Back to top button