Madhya Pradesh

जबलपुर में नारी सम्मान” पर वार-पलटवार: भाजपा बोली—कांग्रेस ने ही रची महिला प्रत्याशी को हराने की साजिश

नारी सम्मान” पर वार-पलटवार: भाजपा बोली—कांग्रेस ने ही रची महिला प्रत्याशी को हराने की साजिश

राज्यसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में नारी सम्मान के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्वनी परांजपे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दोहरे चरित्र का आरोप लगाया है।

भाजपा कार्यालय रानीताल में आयोजित प्रेस वार्ता में परांजपे ने कहा कि कांग्रेस मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने को “नारी सम्मान” से जोड़कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला महिला सम्मान का नहीं, बल्कि नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने से जुड़ा हुआ है।

परांजपे ने आरोप लगाया कि तेलंगाना से जुड़े एक मामले में एक महिला कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बावजूद मीनाक्षी नटराजन की भूमिका पर सवाल उठे थे, लेकिन इन तथ्यों का उल्लेख नामांकन में नहीं किया गया। इसी वजह से उनका नामांकन निरस्त हुआ।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि जब न्यायालयीन प्रक्रिया और समन की जानकारी थी, तो उसे शपथ पत्र में क्यों नहीं दर्शाया गया? साथ ही पीड़ित महिला की शिकायत को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया और आरोपी नेताओं पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बयान और व्यवहार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जो पार्टी के दोहरे चरित्र को दर्शाते हैं।

भाजपा ने इस पूरे मामले को चुनावी पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा बताते हुए कहा कि कांग्रेस को नारी सम्मान पर राजनीति करने के बजाय अपने आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button