जबलपुर में बुलडोजर कार्यवाही के दौरान दुकान संचालक की हार्ट अटैक से मौत, फूटा लोगों का गुस्सा, सड़कों पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी,
बुलडोजर कार्यवाही के दौरान दुकान संचालक की हार्ट अटैक से मौत, फूटा लोगों का गुस्सा, सड़कों पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी,

बरगी क्षेत्र में प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही दुकान संचालक मिंकू (मिंटू) अग्रवाल को दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। समझाईस के बाद देर रात पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पटेल तिराहे पर तहसील और पुलिस अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। मौके पर जेसीबी मशीनें तैनात थीं। इसी दौरान मिंकू अग्रवाल अपनी दुकान खाली करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान लगातार समय को लेकर घोषणा की जा रही थी। इसी बीच उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत हो गए। मृतक लंबे समय से कपड़े का व्यापार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि संबंधित स्थान पर उनकी दुकान करीब 40 वर्षों से संचालित थी।
मौत की खबर मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित लोगों ने बरगी थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी परिजनों और व्यापारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच बातचीत जारी है।
परिजनों का आरोप है कि चंदा बाई नामक महिला द्वारा प्रस्तुत स्टे ऑर्डर को नायब तहसीलदार पूर्णिमा ने स्वीकार नहीं किया। इस मामले में पटवारी, पूर्व सरपंच संतोष सिंह परिहार उर्फ नन्हू और ऋषि पांडे उर्फ पप्पू के नाम भी चर्चा में हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



