Madhya Pradesh

जबलपुर में मारपीट की तीन बड़ी वारदातें! शराब के पैसे, राशन विवाद और खेत में भैंस घुसने पर जमकर चले लात-घूंसे

चरगवां और मझगवां थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग हमले, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए प्रकरण

जबलपुर में मारपीट और दबंगई की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर हमला किया गया, तो कहीं राशन वितरण को लेकर विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। वहीं खेत में भैंस घुसने की बात पर भी युवक के साथ मारपीट कर दी गई। चरगवां थाना और मझगवां थाना पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश और विवेचना शुरू कर दी है।

पहला मामला चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया का है। यहां प्रवीण कुमार मेहरा (18 वर्ष) खेल मैदान में मौजूद था। तभी गांव का छुट्टू उर्फ ब्रजपाल यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। जब प्रवीण कुमार मेहरा ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला कर दोनों पैरों में चोट पहुंचा दी। जाते-जाते आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

दूसरी घटना मझगवां थाना क्षेत्र के रमखिरिया गांव की है। यहां राशन सोसायटी में सेल्समैन सौरभ सोनी (25 वर्ष) पर गांव के शुभम पटेल ने हमला कर दिया। बताया गया कि एक दिन पहले राशन वितरण के दौरान चावल और गेहूं को लेकर विवाद हुआ था। अगले दिन शुभम पटेल अपने साथी लकी बर्मन के साथ सोसायटी पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए सौरभ सोनी के साथ मारपीट कर चाबी के गुच्छे से सिर पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीसरी वारदात भी मझगवां थाना क्षेत्र के कचनारी घाट की है। यहां अमित यादव (30 वर्ष) भैंस चराने गया था। इसी दौरान गांव के रोहित पटेल, मंजू पटेल और अजय पटेल पहुंचे और भैंस के खेत में घुसने की बात को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते तीनों ने अमित यादव के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसके कंधे में चोट आई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।

तीनों मामलों में चरगवां थाना और मझगवां थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles