
जबलपुर जिले में आपसी विवाद अब हिंसक रूप लेते जा रहे हैं। पाटन और बेलखेड़ा थाना क्षेत्रों में सामने आई मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने मामूली विवाद को लेकर पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
पहली घटना पाटन थाना क्षेत्र के रैठरा गांव की है, जहां 42 वर्षीय रज्जन चक्रवर्ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घर से विनोद महाराज की किराना दुकान पर बीड़ी लेने गए थे। उसी दौरान दुकान पर मौजूद बिहारी प्रजापति पैसों के लेन-देन को लेकर उनसे विवाद करने लगा। विवाद बढ़ता देख रज्जन वहां से अपने घर लौटने लगे, लेकिन रास्ते में ट्रांसफार्मर के पास आरोपी बिहारी प्रजापति अपने बेटे अमल के साथ पहुंच गया।
दोनों आरोपियों के हाथ में डंडा था और उन्होंने गालीगलौज करते हुए रज्जन चक्रवर्ती पर हमला कर दिया। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे हाथ-मुक्कों और डंडे से जमकर पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
दूसरी घटना बेलखेड़ा थाना क्षेत्र की है, जहां 60 वर्षीय नीमा बाई बर्मन के साथ आरोपी सुरेंद्र लोधी ने मारपीट की। जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले भी गुटखा मांगने को लेकर विवाद कर चुका था। 21 जून को वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगने लगा। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और शरीर के कई हिस्सों में चोट पहुंचाई।
दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि छोटे-छोटे विवाद अब हिंसक रूप ले रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



