Madhya Pradesh

जबलपुर में शराब, विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर कहीं बका से हमला, कहीं रॉड-चाकू से वार; कई आरोपी फरार

जबलपुर में शराब, विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर कहीं बका से हमला, कहीं रॉड-चाकू से वार; कई आरोपी फरार

जबलपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मारपीट, हमला और धमकी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। शराब के लिए पैसे मांगने, घरेलू विवाद, पुरानी रंजिश और मामूली कहासुनी को लेकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई लोगों पर जानलेवा हमले किए गए। वारदातों के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

कुण्डम थाना क्षेत्र के ग्राम सहजपुरी निवासी जयसिंह बागरी (35 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी कर देर रात घर लौट रहा था। कॉलोनी के हैंडपंप के पास उसे मनोज झारिया और साहिल झारिया मिले। दोनों ने शराब पीने के लिए उससे 200 रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई।

जयसिंह के मुताबिक, आरोपी मनोज झारिया लोहे का बका लिए हुए था और उसने धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो जान से खत्म कर देगा। डर के कारण जयसिंह वहां से भागा, लेकिन दोनों ने पीछा किया। पुलिया के पास गिरने पर मनोज ने बका से हमला कर दिया, जिससे बचाव के दौरान उसकी कोहनी के पास चोट आई।

हनुमानताल थाना क्षेत्र में मंडी मदार टेकरी निवासी मोहम्मद फहीम (30 वर्ष) पर उसके साले निजाम ने हमला कर दिया। फहीम ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद वह घर से बाहर टहलने गया था। इसी दौरान निजाम वहां पहुंचा और विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर लोहे के पाइप से हमला कर उसके हाथ में चोट पहुंचाई।

गोसलपुर थाना क्षेत्र में अनुज चौधरी (25 वर्ष) पर गांव के साहिल चौधरी ने पुरानी दुश्मनी के चलते हमला कर दिया। अनुज गुटखा लेने जा रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में रोककर विवाद किया और धारदार हथियार से उसकी बायीं जांघ पर वार कर घायल कर दिया।

सिहोरा थाना क्षेत्र में ऑटो चालक मनोज कुमार जायसवाल (45 वर्ष) को भी निशाना बनाया गया। शिकायत के मुताबिक पुनीत यादव और गोलू ठाकुर ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर पुनीत यादव ने लोहे के पाना से मनोज के माथे पर हमला कर दिया और दोनों फरार हो गए।

वहीं खितौला थाना क्षेत्र में पान दुकान संचालक मोहम्मद शाकिर मंसूरी (49 वर्ष) पर मोनिस मंसूरी, जुनेर मंसूरी और अरमान मंसूरी ने हमला किया। जुनेर ने रॉड से वार कर शाकिर के सिर में चोट पहुंचाई और आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

पुलिस ने सभी मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button