Madhya Pradesh

जबलपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जांच में जुटी गढ़ा पुलिस

सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, जांच में जुटी गढ़ा पुलिस

जबलपुर। शहर में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया है। थाना गढ़ा क्षेत्र के शक्ति नगर इलाके में शातिर चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब घर की मालकिन अपने बेटों के साथ इलाज के सिलसिले में शहर से बाहर गई हुई थीं।

इलाज कराने पुणे गया था परिवार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्ति नगर (भोले कुटी के पास) निवासी 63 वर्षीय श्रीमती गीता पाण्डे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उनका बड़ा बेटा ऋतुराज पांडे, जो पुणे में कार्यरत है, कुछ समय पहले छुट्टी पर घर आया था। ऋतुराज की आंखों में तकलीफ होने के कारण उसके बेटों ने सलाह दी कि पुणे चलकर बेहतर चेकअप करा लेते हैं। इसी सिलसिले में गीता पाण्डे बीते 19 अप्रैल 2026 को अपने दोनों बेटों, ऋतुराज और मृदुपूर्ण पांडे के साथ पुणे चली गई थीं।

वापस लौटने पर खुला मिला दरवाजा
घटना का खुलासा तब हुआ जब गीता पाण्डे दिनांक 3 मई 2026 को अपने छोटे बेटे के साथ वापस जबलपुर लौटीं। घर पहुँचने पर उन्होंने देखा कि बाहर के मुख्य गेट का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन जैसे ही वह अंदर बढ़ीं, उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और किवाड़ खुले पड़े थे। अंदर का नजारा और भी डरावना था; पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था और चोरों ने घर की चारों अलमारियों के ताले बेरहमी से तोड़ दिए थे।

लाखों के जेवरात ले उड़े चोर
पीड़िता के मुताबिक, चोरों ने अलमारी में रखे सोने और चांदी के कीमती आभूषणों को निशाना बनाया। चोरी गए सामान की सूची काफी लंबी है, जिसमें शामिल हैं:

सोने के आभूषण: सोने की बेंदी, दो चूड़ी कड़े, चार अंगूठी, दो नाक की कील, एक मंगलसूत्र, एक चेन, कान का सेट, झुमकी और टॉप्स।
चांदी के आभूषण: नौ जोड़ी पायल, 10 बिछिया, चांदी की आरती (5 नग), चांदी की चेन, बच्चों की पायल, हाथ के कड़े, चंद्रमा और लाकेट सहित 20 चांदी के सिक्के।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घर की हालत देखकर पीड़ित परिवार ने तुरंत गढ़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का मानना है कि चोरों ने रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि उन्हें पता था कि परिवार लंबे समय के लिए बाहर गया है। गढ़ा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 ए के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button