Madhya Pradesh
जबलपुर में 58 फरार आरोपियों पर इनाम,154 बदमाश जिला बदर, आठ पर एनएसए की कार्रवाई, बेखौफ बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा,दो महीनों में आठ अंधी हत्याओं का खुलासा,
58 फरार आरोपियों पर इनाम,154 बदमाश जिला बदर, आठ पर एनएसए की कार्रवाई, बेखौफ बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा,दो महीनों में आठ अंधी हत्याओं का खुलासा,

जबलपुर। शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए जबलपुर पुलिस लगातार सख्त और सुनियोजित कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में पुलिस ने हत्या जैसे गंभीर मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 1 जनवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच पुलिस ने आठ अंधी हत्याओं का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 58 मामलों में इनाम घोषित कर सख्त संदेश दिया गया है कि कानून से बचना अब आसान नहीं है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 1 जनवरी से 28 फरवरी के बीच हत्या के 15 मामले सामने आए थे, जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि में 14 हत्या के मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में से आठ अंधी हत्याओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इन मामलों की जांच में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी का सहारा लिया गया, जिसके परिणाम स्वरूप कई जटिल मामलों का भी तेजी से खुलासा संभव हुआ।
अपराधियों पर निवारक कार्रवाई तेज-
अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई के तहत भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर की शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस वर्ष अब तक 154 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है। इससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। वहीं गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए गए आठ आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई कर उन्हें कड़ी कानूनी गिरफ्त में लिया गया है।
फरार अपराधियों की तलाश में अभियान-
जबलपुर पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 1 जनवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच कुल 58 मामलों में फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इनाम घोषित होने से आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आती है और आम नागरिकों से भी महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त होती हैं, जिससे पुलिस को कार्रवाई में सफलता मिलती है।
इन थाना क्षेत्रों में अंधी हत्याओं का खुलासा-
पुलिस ने शहपुरा, माढ़ोताल, पाटन, पनागर, रांझी और लार्डगंज थाना क्षेत्रों में हुई आठ अंधी हत्याओं का सफलता पूर्वक पर्दाफाश किया। इन मामलों में कहीं आपसी रंजिश, कहीं प्रेम प्रसंग तो कहीं मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया था। पुलिस ने मामले की गहन जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और घटनाओं में प्रयुक्त हथियार, वाहन व अन्य साक्ष्य भी जब्त किए।
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय, का कहना,
शहर में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस तकनीकी जांच, खुफिया तंत्र और सतत गश्त के माध्यम से सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



