Madhya Pradesh

पैसे नहीं दिए तो हमला, तीन थाना क्षेत्रों में बदमाशों का आतंक; पुलिस ने दर्ज किए मामले

पैसे नहीं दिए तो हमला, तीन थाना क्षेत्रों में बदमाशों का आतंक; पुलिस ने दर्ज किए मामले

जबलपुर में शराब के लिए रुपए मांगकर मारपीट और धमकी देने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 24 घंटों में पनागर, ग्वारीघाट और गोरखपुर थाना क्षेत्रों से ऐसे तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें आरोपियों ने शराब के लिए पैसे मांगे और विरोध करने पर हमला कर दिया। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहला मामला पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम मझगवां का है। फरियादी देवप्रकाश दुबे के अनुसार, वह अपने खेत पर मौजूद थे, तभी पप्पू ठाकुर, रिखिराम मेहरा, शिवराम नामदेव, धर्मेंद्र ठाकुर, सतेन्द्र ठाकुर, अस्सू नामदेव और राज नामदेव अपने साथियों के साथ पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने शराब पीने के लिए एक हजार रुपये मांगे। मना करने पर फरियादी के साथ मारपीट की गई। पप्पू ठाकुर ने पत्थर से सिर पर हमला किया, जबकि रिखिराम मेहरा ने डंडे से वार किया। बीच-बचाव करने पहुंचीं आरती के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

दूसरा मामला ग्वारीघाट थाना क्षेत्र का है। आदर्शनगर निवासी अशोक कुमार तलरेजा, जो राशन दुकान संचालित करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि कल्लू चौधरी और बेटी नायक उनकी दुकान पर पहुंचे और शराब के लिए एक हजार रुपये मांगने लगे। इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज की, बेटे को धमकी दिलवाई और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं तीसरी घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र की है, जहां सूरज विश्वकर्मा अपनी एक्टिवा से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दीपक, शिवांक और रूपेश ने उन्हें रोक लिया। दीपक ने कथित रूप से चाकू दिखाकर शराब के लिए पैसे मांगे। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट की, जिसमें शिवांक ने बेल्ट से हमला किया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

तीनों मामलों में पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था और नशे से जुड़े अपराधों पर चिंता बढ़ा दी है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button