Madhya Pradesh

जबलपुर मे अनियमितताओं पर डॉ. लाल पैथलैब्स का सैंपल कलेक्शन सेंटर सील, जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को नोटिस

जबलपुर मे अनियमितताओं पर डॉ. लाल पैथलैब्स का सैंपल कलेक्शन सेंटर सील, जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को नोटिस

जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर गठित जांच दल ने कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं पाए जाने पर सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

निरीक्षण दल में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जया श्रीवास्तव, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील तथा सदस्य विकास श्रीवास्तव शामिल रहे। जांच में बायो मेडिकल वेस्ट से संबंधित मेंटेनेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही सेंटर में कार्यरत टेक्नीशियन के पास नई दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल अथवा मध्य प्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल का वैध पंजीयन भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए सेंटर को सील कर संचालक को तीन दिनों के भीतर सभी दस्तावेजों सहित सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी कार्रवाई के तहत लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल का पंजीयन आयुर्वेदिक उपचार के लिए है, जबकि परिसर में एलोपैथिक दवाइयां भी उपलब्ध थीं। इसके अलावा बायो मेडिकल वेस्ट से संबंधित आवश्यक मेंटेनेंस रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

इन अनियमितताओं को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अस्पताल में कार्यरत सभी कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र, पंजीयन संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड तीन दिनों के भीतर सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अस्पताल, लैब या स्वास्थ्य संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button