Madhya Pradesh

मेडिकल कॉलेज के NICU वार्ड में शॉर्ट सर्किट से पंखे में लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी

मेडिकल कॉलेज के NICU वार्ड में शॉर्ट सर्किट से पंखे में लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी,स्टाफ की तत्परता से बड़ा हादसा टला, अग्निशमन यंत्र से पाया काबू; धुएं के कारण परिजनों में भगदड़ जैसे हालात

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित NICU (नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई) में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते एक पंखे में अचानक आग भड़क उठी। घटना के समय वार्ड में मौजूद स्टाफ की सतर्कता और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग के साथ फैले घने धुएं के कारण वार्ड के बाहर मौजूद परिजनों में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचानक पंखे में स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे कुछ ही पलों में धुआं फैलने लगा। स्थिति को भांपते हुए मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने बिना घबराए तुरंत अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, आग से ज्यादा धुआं फैलने के कारण NICU के बाहर खड़े परिजन घबरा गए और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई, जिसे बाद में अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने संभाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हुआ और स्थिति का जायजा लिया गया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिलहाल सभी नवजात सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत उपकरणों के नियमित मेंटेनेंस की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button