Madhya Pradesh

रक्तरंजित हालत में मिली महिला की लाश, होटल रिलैक्स इन की लापरवाही पर उठे सवाल

रक्तरंजित हालत में मिली महिला की लाश, होटल रिलैक्स इन की लापरवाही पर उठे सवाल

जबलपुर के धनवंतरी नगर चौक स्थित होटल रिलैक्स इन में महिला का शव संदिग्ध और रक्तरंजित हालत में मिलने के बाद होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। होटल के कमरे से महिला की लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं अब होटल द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार महिला होटल के कमरा नंबर 9 में एक युवक के साथ रुकी थी। घटना के बाद महिला के साथ आया दमोह निवासी युवक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस को आशंका है कि युवक इस मामले की अहम कड़ी साबित हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी और संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, एसएफएल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। कमरे से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है।

इस पूरे मामले में होटल रिलैक्स इन प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। शुरुआती जांच में पता चला कि होटल संचालक ने महिला का आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र नहीं लिया था। नियमों के अनुसार किसी भी होटल या लॉज में ठहरने वाले व्यक्ति की आईडी लेना और रिकॉर्ड दर्ज करना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।

महिला की मौत के बाद अब होटल प्रबंधन की यही लापरवाही जांच का अहम बिंदु बन गई है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना दस्तावेज के कमरा कैसे दिया गया और होटल स्टाफ ने सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया।

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्टाफ से पूछताछ जारी है। फिलहाल महिला की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

महिला की रक्तरंजित हालत में लाश मिलने के बाद होटल रिलैक्स इन अब पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई दोनों के रडार पर आ गया है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles