Madhya Pradesh

विक्टोरिया अस्पताल के लावारिस और निराश्रित मरीजों के लिए मोक्ष संस्था बनी सहारा,

विक्टोरिया अस्पताल के लावारिस और निराश्रित मरीजों के लिए मोक्ष संस्था बनी सहारा,

 

जबलपुर। शहर के शासकीय सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया अस्पताल) में इलाज के लिए आने वाले ऐसे मरीज, जिनका कोई परिजन नहीं होता या जिनकी पहचान और परिवार का पता लगाना मुश्किल होता है, उनके लिए मोक्ष मानव सेवा एवं जन उत्थान समिति लंबे समय से सहारे का काम कर रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी पत्र में भी ऐसे लावारिस एवं निराश्रित मरीजों को उपचार के बाद सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई गई है।

मोक्ष संस्था के संचालक आशीष ठाकुर ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में समय-समय पर मानसिक रूप से अस्वस्थ, वृद्ध अथवा ऐसे मरीज इलाज के लिए लाए जाते हैं, जिन्हें उनके परिवार द्वारा छोड़ दिया गया है। कई मरीजों के पास आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते। कई मामलों में उनके परिजनों का पता लगाना भी संभव नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में इलाज पूरा होने के बाद मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर सुरक्षित स्थान और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बन जाता है।

आशीष ठाकुर के मुताबिक मोक्ष संस्था पिछले लगभग तीन दशकों से लावारिस एवं निराश्रित मानव जीवन को सहारा देने, उनकी सेवा करने और मृत्यु होने की स्थिति में सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने का कार्य कर रही है। संस्था की ओर से पहले भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा भेजे गए ऐसे बेसहारा मरीजों को आश्रय उपलब्ध कराया जाता रहा है।

अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि वर्तमान माह में विक्टोरिया अस्पताल में कुल 7 लावारिस एवं निराश्रित मरीज ऐसे हैं, जिन्हें आवश्यक चिकित्सकीय जानकारी और उपलब्ध अभिलेखों के साथ मोक्ष आश्रम में आश्रय प्रदान किए जाने की आवश्यकता है। अस्पताल प्रशासन ने संस्था से इन मरीजों को सुरक्षित आश्रय देने में सहयोग की अपेक्षा की है।

संस्था का कहना है कि ऐसे मरीजों के लिए केवल इलाज ही पर्याप्त नहीं है। उपचार के बाद उनकी सुरक्षा, भोजन, रहने की व्यवस्था, दवाइयां और नियमित देखभाल भी जरूरी होती है। खासतौर पर उन मरीजों के लिए समस्या और बढ़ जाती है, जिनकी पहचान नहीं हो पाती या जिनके परिवार का कोई सुराग नहीं मिलता।

आशीष ठाकुर ने बताया कि मोक्ष संस्था का उद्देश्य ऐसे बेसहारा लोगों को इंसानियत के साथ जीवन जीने का अवसर देना है। संस्था अस्पताल से मिलने वाली चिकित्सकीय जानकारी के आधार पर मरीजों की देखभाल करने का प्रयास करती है और आवश्यकता पड़ने पर उनके उपचार से संबंधित जानकारी भी सुरक्षित रखने में सहयोग करती है।

यह पहल केवल किसी संस्था या अस्पताल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के मानवीय दायित्व से भी जुड़ी है। सड़क, सार्वजनिक स्थान या अस्पताल में बेसहारा हालत में मिलने वाले व्यक्ति को उपचार के बाद सुरक्षित आश्रय मिलना उसके जीवन और सम्मान दोनों के लिए जरूरी है।

ऐसे में विक्टोरिया अस्पताल प्रशासन और मोक्ष मानव सेवा एवं जन उत्थान समिति के बीच सहयोग की यह व्यवस्था उन लोगों के लिए उम्मीद की किरण है, जिनका इस दुनिया में अपना कहने वाला कोई नहीं है। आशीष ठाकुर ने भी लोगों से ऐसे निराश्रित और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है, ताकि किसी बेसहारा व्यक्ति को इलाज के बाद सड़क पर जीवन बिताने के लिए मजबूर न होना पड़े।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button