Madhya Pradesh

शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, कई थाना क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, कई थाना क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

जबलपुर में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। ओमती थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी से कई वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि थाना ओमती में दर्ज वाहन चोरी के एक प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जबलपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें ग्वारीघाट, कोतवाली, खितौला, लॉर्डगंज और ओमती थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलों को पुलिस ने जब्त कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर तरीके से भीड़भाड़ वाले इलाकों और सुनसान स्थानों से वाहन चोरी कर उन्हें छिपा देता था। प्रारंभिक पूछताछ से यह भी संकेत मिले हैं कि उसके तार अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी वजह से उससे लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी के और मामलों का खुलासा हो सके।

सीएसपी सोनू कुर्मी के नेतृत्व और ओमती थाना पुलिस की सतर्कता से यह कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस का कहना है कि शहर में वाहन चोरों और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून से भागने वालों को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button