Madhya Pradesh

होटल सुकून पर हिंदू संगठन का हल्लाबोल: मेडिकल अस्पताल का कर्मचारी निकला युवक, कंपनी ने की कार्रवाई

होटल सुकून पर हिंदू संगठन का हल्लाबोल: मेडिकल अस्पताल का कर्मचारी निकला युवक, कंपनी ने की कार्रवाई

जबलपुर के कटंगी बाइपास स्थित होटल सुकून में शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बजरंग दल और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। आरोप है कि होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने होटल में पहुंचकर कमरों की तलाशी शुरू कर दी।

तलाशी के दौरान एक कमरे में युवक और युवती संदिग्ध हालत में मिले, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यकर्ताओं ने होटल परिसर में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। इसी दौरान दो युवकों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों व महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस जब आरोपियों को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी, तभी कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने भी हाथापाई करने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

पकड़े गए युवकों में एक की पहचान फरहज अली कादरी निवासी मुजावर मोहल्ला, रानी दुर्गावती वार्ड, थाना गढ़ा क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फरहज नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में UDS कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है।
मामले में जब UDS कंपनी के मैनेजर अंकुर सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और प्राथमिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर फरहज अली कादरी को सस्पेंड कर दिया गया है।

हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि होटल सुकून में लंबे समय से अवैध देह व्यापार का कारोबार संचालित किया जा रहा था और इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी। फिलहाल पुलिस होटल संचालक से पूछताछ कर रही है और होटल के दस्तावेजों के साथ वहां आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button