Madhya Pradesh

जबलपुर में 61 किलो गांजा के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, संजीवनी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,दो लग्जरी कारें, छह मोबाइल और नगदी बरामद

61 किलो गांजा के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, संजीवनी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,दो लग्जरी कारें, छह मोबाइल और नगदी बरामद

जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ के पांच तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर 61 किलो 545 ग्राम गांजा, दो लग्जरी कार, छह मोबाइल फोन और नकद दो हजार रुपये जब्त किए हैं। गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख 30 हजार 900 रुपये बताई जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा एएसपी सिटी आनंद कलादगी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में किया। एएसपी कलादगी ने बताया कि पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

बेचने की फिराक में थे तस्कर-
मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात थाना संजीवनी नगर पुलिस को जानकारी मिली कि बेहदन रेलवे अंडरब्रिज, अंधमुख बायपास रोड पर दो कारों में सवार युवक अवैध गांजा बेचने के इरादे से ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल घेराबंदी कर बलेनो सीजी 09 जेपी 7818 और ह्युंडई एलेंट्रा सीजी 04 सीएल 9999 को रोककर तलाशी ली, जिसमें दोनों कारों से कुल 12 पैकेट गांजा बरामद किया गया।

छत्तीसगढ़ से जुड़े तार-
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित चंद्रवंशी, हिरण प्रकाश खांडेय, राकेश टंडन, अजय जायसवाल और अकबर खान के रूप में हुई है। सभी आरोपी छत्तीसगढ़ के कबीरधाम और कवर्धा जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से 61 किलो से अधिक गांजा, दो वाहन, छह मोबाइल फोन और दो हजार नकद बरामद किया गया है। पांचों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका-
आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने में थाना प्रभारी संजीवनीनगर बी.डी. द्विवेदी, उप निरीक्षक दिनेश गौतम, प्रभात मुड़िया, सहायक उप निरीक्षक हृदय नारायण पाण्डे, अजय कुमार पाण्डे, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक, आरक्षक रजनीश यादव, आकाश पाण्डे, वीरेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button