जबलपुर में महिला से सोने का हार लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
महिला से सोने का हार लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत 9 फरवरी की रात एक महिला से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया करीब 7 लाख रुपये कीमत का सोने का हार बरामद किया है। फरियादिया श मीना सोनी निवासी यादव कॉलोनी, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह भोपाल से एक शादी समारोह से लौटकर बजरंग नगर कटंगी रोड स्थित टीवीएस शोरूम के पीछे जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके गले से करीब 5 तोला वजनी सोने का रानी हार झपट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दीनदयाल बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर प्रिंस हल्दकार (21 वर्ष) और तनिष्क कोरी (20 वर्ष), निवासी कंचनपुर अधारताल, को गिरफ्तार किया
आरोपी ने पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छीना गया हार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (एमपी 20 जेड क्यू 9134) जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।



