जबलपुर में युवतियों का हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक की बीच सड़क चप्पल और थप्पड़ों से धुनाई
युवतियों का हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक की बीच सड़क चप्पल और थप्पड़ों से धुनाई

जबलपुर। संस्कारधानी के व्यस्ततम क्षेत्र छोटी लाइन फाटक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवतियों ने एक युवक को बीच सड़क पर रोककर उसकी जमकर धुनाई कर दी। रात के सन्नाटे में युवतियों का यह ‘रौद्र रूप’ देख वहां से गुजर रहे राहगीर ठिठक गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। युवतियों ने युवक पर चप्पल और थप्पड़ों की ऐसी बौछार की कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और यातायात भी बाधित हुआ।
हंगामे का यह वीडियो अब गुरुवार की सुबह 6 बजे से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवतियां युवक पर बुरी तरह बरस रही हैं, जबकि युवक खुद को बचाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, इस पूरे विवाद की असल वजह क्या थी, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। किसी ने छेड़खानी की आशंका जताई है तो कोई इसे आपसी विवाद मान रहा है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन युवतियों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। फिलहाल इस मामले में पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है, लेकिन वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।



