Madhya Pradesh

जबलपुर: नुनसर में शराब के झगड़े ने ली जान, युवक को पीट-पीटकर मार डाला, पाटन क्षेत्र में तनाव का माहौल, तीनों आरोपी फरार, 

नुनसर में शराब के झगड़े ने ली जान, युवक को पीट-पीटकर मार डाला, पाटन क्षेत्र में तनाव का माहौल, तीनों आरोपी फरार, 

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लीची चौकी नुनसर में शुक्रवार को शराब के दौरान शुरू हुआ विवाद हत्या में तब्दील हो गया। 26 वर्षीय मनीष चढार को गांव के ही तीन युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का वातावरण बन गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करने के बाद हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

कहासुनी से शुरू होकर हिंसा में बदला विवाद-
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मनीष चढार अपने परिचित अभिषेक, विवेक और कान्हा के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात पर आपसी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और तीनों आरोपियों ने मनीष पर लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मनीष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर और चौकी प्रभारी विपिन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है, जिसमें शराब के नशे ने हालात को और बिगाड़ दिया।

आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज-
पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा।

स्थिति पर नजर, शांति बनाए रखने की अपील-
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles