Madhya Pradesh

जबलपुर में नशे में रफ्तार का तांडव: सड़क किनारे पलटी कार, घायल चालक भीड़ देखकर फरार

नशे में रफ्तार का तांडव: सड़क किनारे पलटी कार, घायल चालक भीड़ देखकर फरार

जबलपुर में देर रात तेज रफ्तार और शराब के नशे का खतरनाक खेल देखने मिला। गढ़ा थाना क्षेत्र के रामायण मंदिर के पास एक बेकाबू कार ने सड़क पर ऐसा हड़कंप मचाया कि मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि MP 20 CA 2638 नंबर की मारुति कार, जो जैन स्टील की बताई जा रही है, तेज गति से दौड़ रही थी और चालक शराब के नशे में धुत था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और रोड किनारे पलट गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि कार जिस रफ्तार में थी, अगर सामने कोई राहगीर या वाहन आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे में कार चला रहा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन भीड़ जमा होते ही वह मौके से फरार हो गया। घायल हालत में चालक के भागने से पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पलटी कार को देखने लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

लगातार सामने आ रहे नशे में ड्राइविंग के मामलों ने शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्ती नहीं हुई, तो कभी भी बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button