Madhya Pradesh

जबलपुर में बमबाजी! शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के आफिस पर हमला, बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

बमबाजी! शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के आफिस पर हमला, बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

जबलपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोरखपुर थाना से महज कुछ ही दूरी पर रहने वाले शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे के आफिस को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बना लिया। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर एक के बाद एक बम फेंककर पूरे इलाके में दहशत फैला दी और वारदात को अंजाम देने के बाद आराम से फरार हो गए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब थाना घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है, तब अपराधी इतनी बड़ी वारदात करने का दुस्साहस कैसे कर गए? क्या अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा? यह घटना शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि थाना क्षेत्र के सबसे संवेदनशील इलाके में अपराधी इस तरह खुली चुनौती दे सकते हैं, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगे।

घटना के बाद शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश का दावा कर रही है। हालांकि इस वारदात ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा और ऐसे हमलावर पुलिस की गिरफ्त में कब आएंगे।

Related Articles

Back to top button