Madhya Pradesh

अपराधियों में हड़कंप… आधी रात पुलिस का महाअभियान, 251 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी भी दबोचे

अपराधियों में हड़कंप... आधी रात पुलिस का महाअभियान, 251 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी भी दबोचे

 

जबलपुर। अपराधियों को यह साफ संदेश देने के लिए कि कानून के हाथ लंबे हैं, जबलपुर पुलिस ने जिलेभर में एक साथ ऐसा महाअभियान चलाया, जिससे वर्षों से फरार वारंटियों और बदमाशों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार तड़के 2 बजे तक पूरे जिले में मेगा कॉम्बिंग गश्त चलाकर पुलिस ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी और बड़ी सफलता हासिल की।

इस अभियान में 127 गैर-मियादी वारंट, 86 गिरफ्तारी वारंट और 38 जमानती वारंट तामील किए गए। यानी कुल 251 वारंटों का निष्पादन करते हुए लंबे समय से पुलिस और न्यायालय से बचते फिर रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अपराधियों में खलबली मच गई।

इस विशेष अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में संभाली गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी ने की। इनके मार्गदर्शन में जिले के सभी नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारी, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने एकजुट होकर अभियान को अंजाम दिया।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने केवल वारंटियों की गिरफ्तारी ही नहीं की, बल्कि सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी सघन जांच की। देर रात सड़कों पर बेवजह घूमने वालों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखानों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग की गई। कई संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जबलपुर पुलिस की प्राथमिकता आम जनता को सुरक्षित वातावरण देना और अपराधियों में कानून का भय कायम करना है। जो भी अपराधी कानून से बचने की कोशिश करेगा, उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।

जबलपुर पुलिस का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं। कानून से भागने वालों का हर ठिकाना पुलिस की नजर में है। अपराधियों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button