माढ़ोताल बमकांड में पुलिस का सख्त एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; जुलूस निकालकर दिया अपराधियों को कड़ा संदेश
माढ़ोताल बमकांड में पुलिस का सख्त एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; जुलूस निकालकर दिया अपराधियों को कड़ा संदेश

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में घर के बाहर बम फेंककर दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मेघराज उर्फ भाऊ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी का घटनास्थल तक पैदल मार्च कराया, ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम रहे और क्षेत्र में शांति का संदेश दिया जा सके।
जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल उर्फ राजा पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात कुछ बदमाश उनके घर के बाहर सुतली बम फेंककर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शिकायत मिलते ही माढ़ोताल पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी मेघराज उर्फ भाऊ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का पैदल मार्च कराते हुए घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का घटनाक्रम समझा। पुलिस का यह कदम क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश माना जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
माढ़ोताल पुलिस ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी है, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना भी है।
मध्य प्रदेश जबलपुर जिले से सुनील सेन की रिपोर्ट



