Madhya Pradesh

पति-सास की हैवानियत पर अधारताल पुलिस का बड़ा एक्शन! विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश के आरोप में दोनों गिरफ्तार

पति-सास की हैवानियत पर अधारताल पुलिस का बड़ा एक्शन! विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश के आरोप में दोनों गिरफ्तार

जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता को कथित रूप से उसके पति वीरेन्द्र कोरी और सास जयंती कोरी ने घरेलू विवाद के दौरान जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। मामले की शिकायत मिलते ही अधारताल थाना पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने जानकारी देते हुए बताया कि कटनी जिले के कुठला निवासी उर्मिला कोरी ने अपनी बेटी नंदनी कोरी के साथ हुई घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब सात वर्ष पहले नंदनी कोरी का विवाह अमखेरा निवासी वीरेन्द्र कोरी से हुआ था। शादी के बाद से ही वीरेन्द्र कोरी और उसकी मां जयंती कोरी द्वारा नंदनी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि मायके से लाए गए रुपए और सोने-चांदी के गहने भी पति द्वारा बेच दिए गए।

पीड़िता नंदनी कोरी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 10 अप्रैल 2026 की रात वह अपनी बच्ची के लिए गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। उसी दौरान घरेलू विवाद हुआ और आरोप है कि जयंती कोरी ने उसकी साड़ी का पल्लू जलते हुए गैस बर्नर पर रख दिया, जिससे उसके कपड़ों में आग लग गई। नंदनी कोरी ने बताया कि उसने अपने पति वीरेन्द्र कोरी को बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने तत्काल मदद नहीं की। बाद में आग बुझाई गई, लेकिन उसे पूरी रात घर में रखा गया और पति व सास के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाया गया। अगली सुबह उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए। शिकायत, मेडिकल साक्ष्य और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी वीरेन्द्र कोरी और जयंती कोरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 85 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस मामले में अधारताल थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button