Madhya Pradesh

जबलपुर में बेखौफ लुटेरों का आतंक! बरगी से भेड़ाघाट तक राहगीरों पर हमला, नकदी, मोबाइल और बाइक लूटकर फरार

बेखौफ लुटेरों का आतंक! बरगी से भेड़ाघाट तक राहगीरों पर हमला, नकदी, मोबाइल और बाइक लूटकर फरार

संस्कारधानी जबलपुर में एक बार फिर बेखौफ लुटेरों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। बरगी थाना और भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग वारदातों में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने राहगीरों को निशाना बनाते हुए पहले मारपीट की और फिर नकदी, मोबाइल फोन, चांदी के कड़े और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं ने देर रात सुनसान रास्तों पर लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली वारदात बरगी थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार कमोद आर्मो (23 वर्ष) अपने दोस्त प्रदोष यादव और भांजी सुषमा मरावी के साथ बरगी डैम घूमने गया था। तीनों डैम किनारे बैठे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी कारण विवाद शुरू किया और देखते ही देखते कमोद के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 3 हजार रुपये, उसका मोबाइल और सुषमा मरावी का मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल कमोद के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

दूसरी वारदात भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में हुई। सचिन माली (35 वर्ष) देर रात काम खत्म कर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। हॉलीडे होटल के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और उनके हाथ में पहने चांदी के कड़े, वीवो कंपनी का मोबाइल, 800 रुपये नकद तथा उनकी हीरो होंडा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।

दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सुनसान मार्गों और पर्यटन स्थलों पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पुलिस ने कहा है कि दोनों मामलों में तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button