प्रताड़ना की दो दर्दनाक तस्वीरें! एक पत्नी ने गंवाई जान, दूसरी ने थाने पहुंचकर मांगा इंसाफ
प्रताड़ना की दो दर्दनाक तस्वीरें! एक पत्नी ने गंवाई जान, दूसरी ने थाने पहुंचकर मांगा इंसाफ

जबलपुर में महिलाओं के साथ घरेलू प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामलों ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक मामले में कथित घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे मामले में एक महिला ने पति, सास, ससुर और जेठ पर वर्षों तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
गढ़ा थाना क्षेत्र के शाहीनाका केवट मोहल्ला की रहने वाली पूजा पटेल (केवट) की मौत के मामले में नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन ने बताया कि मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी आकाश पटेल कथित रूप से पत्नी पर चरित्र को लेकर संदेह करता था और आए दिन उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा मानसिक प्रताड़ना करता था। पुलिस के अनुसार, इसी प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जांच के बाद गढ़ा थाना पुलिस ने आकाश पटेल के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं बेलबाग थाना क्षेत्र में रहने वाली जागृति वैद्य ने शिकायत दर्ज कराई कि विवाह के कुछ समय बाद बेटी होने पर ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। महिला ने आरोप लगाया कि पति शुभम वैद्य, सास, ससुर और जेठ लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। शिकायत के अनुसार, उसे घर से निकाल दिया गया और पति द्वारा तलाक के लिए दबाव भी बनाया जा रहा था।
महिला की शिकायत के आधार पर बेलबाग थाना पुलिस ने पति शुभम वैद्य, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ धारा 85, 296(बी), 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के साथ हिंसा और प्रताड़ना के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



