Madhya Pradesh

अमझर घाटी में नशा तस्करों पर शिकंजा! 20 किलो 433 ग्राम गांजा और कार जब्त, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

अमझर घाटी में नशा तस्करों पर शिकंजा! 20 किलो 433 ग्राम गांजा और कार जब्त, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

जबलपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 433 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर तस्कर कार मोड़कर भागने लगा, लेकिन वाहन कीचड़ में फंस गया। आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है।

 

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के नेतृत्व में अमझर घाटी में देर रात वाहन चेकिंग की जा रही थी।

 

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर अल्टो कार क्रमांक CG-04-HB-6745 का चालक अचानक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कार कीचड़ में फंस गई। गिरफ्तारी के डर से चालक कार चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखे 10 पैकेटों से 20 किलो 433 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 21 हजार 650 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब फरार तस्कर और उसके नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी राजकुमार खटीक, उप निरीक्षक अमन नायक, सहायक उप निरीक्षक वैजयंती ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन ठाकुर, प्रधान आरक्षक प्रदीप तिवारी तथा महिला प्रधान आरक्षक आरती सोनकर की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

 

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles