Madhya Pradesh

जबलपुर में तीन दर्दनाक हादसे: सीढ़ी से गिरने, ट्रेन की चपेट और तालाब में डूबने से तीन की मौत

तीन दर्दनाक हादसे: सीढ़ी से गिरने, ट्रेन की चपेट और तालाब में डूबने से तीन की मौत

जबलपुर जिले में शनिवार का दिन तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला साबित हुआ। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन दर्दनाक हादसों में एक अधेड़, एक बुजुर्ग और एक मासूम किशोर की मौत हो गई। हादसों के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला घमापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार रवि छपेल (57 वर्ष) निवासी कछियाना मोहल्ला, मंगलपराग मैदान, एक अगस्त की शाम अपने घर में सीढ़ी से गिर गए थे। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद घमापुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना मदनमहल थाना क्षेत्र में सामने आई। अंकित जैन ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पिता खेमचंद जैन (62 वर्ष) की मदनमहल स्टेशन से कछपुरा की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना अप लाइन कछपुरा क्रॉसिंग के पास हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी।

तीसरी और सबसे मार्मिक घटना बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया की है। यहां राजा यादव (13 वर्ष) नहाने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह गांव के तालाब में डूब गया है। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी तलाश के बाद किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला गया। सूचना पर बरगी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तीनों घटनाओं में प्रथम दृष्टया अलग-अलग दुर्घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस सभी मामलों में मर्ग जांच कर रही है ताकि प्रत्येक घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इन दर्दनाक हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया।

Related Articles

Back to top button