Madhya Pradesh

जबलपुर के अधारताल में नकबजनी गैंग का पर्दाफाश! CCTV ने खोला राज, तीन आरोपी गिरफ्तार; जेवर, टीवी और चोरी के औजार बरामद

अधारताल में नकबजनी गैंग का पर्दाफाश! CCTV ने खोला राज, तीन आरोपी गिरफ्तार; जेवर, टीवी और चोरी के औजार बरामद

जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में लगातार हुई नकबजनी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अधारताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए कटर, रॉड और पेचकस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में बढ़ती संपत्ति संबंधी वारदातों को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को चोरी और नकबजनी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।

पहली वारदात केशर विहार कॉलोनी में हुई थी, जहां मृगेन्द्र सिंह बैस के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर 42 इंच की टीवी, चांदी की गिलास और दो रिस्ट वॉच चोरी कर ले गए थे। इसके बाद दूसरी घटना न्यूरामनगर, शीतलामाता धाम क्षेत्र में हुई। यहां परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 70 हजार रुपये की नकदी पार कर दी।

दोनों मामलों में अधारताल थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले हुलिए और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गौरव चौधरी, सोहेल उर्फ शनि चौधरी और उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर को चिन्हित किया।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर सोने के चार लौंग, चांदी की चार अंगूठियां, एलजी कंपनी की चार एलईडी टीवी और दो घड़ियां बरामद की गईं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल कटर, रॉड और पेचकस भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में गौरव चौधरी, निवासी अमखेरा, सोहेल उर्फ शनि चौधरी, निवासी अमखेरा और उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर, निवासी गोहलपुर क्षेत्र शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार, उप निरीक्षक दीपक मंडलोई, प्रधान आरक्षक अरविंद डोंगरे, महेन्द्र बिष्ट, आरक्षक दुर्गेश दुबे, सुरजीत जाट, शशिप्रकाश और मानवेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इसके अलावा और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी का माल कहां-कहां खपाया गया। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पुलिस की पूछताछ के आधार पर हुई इस कार्रवाई से अधारताल क्षेत्र की दो नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles