जबलपुर में गोहलपुर पुलिस का शिकंजा! 5 चोर गिरफ्तार, 25 लाख की चोरी का माल और वाहन बरामद

जबलपुर। शहर में लगातार हो रही नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों के बीच गोहलपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सूने मकानों को निशाना बनाने वाले नकबजनों से लेकर पिकअप वाहन चोरी करने वाले आरोपियों तक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू सामान और चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं।
एसपी के निर्देश पर शुरू हुआ ऑपरेशन,
संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी सम्पत उपाध्याय ने जिले के अधिकारियों और थाना प्रभारियों को चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं में आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एएसपी डॉ. आयुष जाखड़ और सीएसपी शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में टीआई रितेश पाण्डेय ने पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर बने पुलिस की ताकत,
पुलिस ने वारदात वाले इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को संदिग्ध आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद दबिश देकर नुरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु, मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को पकड़ा गया।
दो सूने मकानों की चोरी का खुलासा,
पुलिस पूछताछ में अमन नगर के दो सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर सोने के पेंडिल, नथ, झुमकी, टीका, लौंग, चांदी का टीका, हार, पायल, पाजेब, कड़े, अंगूठी सहित अन्य सामान बरामद किया गया। इसके अलावा फ्रिज और पुराने बर्तन भी पुलिस ने जब्त किए।
पिकअप चोरी का भी खुला राज,
जांच की दूसरी कड़ी वाहन चोरी तक पहुंची। पुलिस ने राजू उर्फ रामगोपाल साहू और सौरभ दहिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में टाटा इंट्रा पिकअप चोरी करने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई टाटा इंट्रा पिकअप को रीवा जिले में उड़ाकी टोल टैक्स के आगे एक ढाबे के पास से बरामद किया।
एक और चोरी की पिकअप भी बरामद,
पुलिस ने जांच के दौरान एक अन्य चोरी की पिकअप को भी खजरी खिरिया क्षेत्र से बरामद किया। इस तरह नकबजनी के साथ-साथ वाहन चोरी की कई वारदातों की कड़ियां जुड़ती गईं और पुलिस के हाथ करीब 25 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल लगा।
दो आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड,
पुलिस के अनुसार नुरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु के खिलाफ गोहलपुर, हनुमानताल, कोतवाली, अधारताल, ओमती और लार्डगंज थानों में नकबजनी, चोरी, मारपीट और अवैध हथियार सहित 11 मामले दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद इरशाद के खिलाफ गोहलपुर, कोतवाली और हनुमानताल थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार सहित 5 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका,
पूरी कार्रवाई में टीआई रितेश पाण्डेय, उप निरीक्षक अंबुज पांडे, एएसआई इमरान खान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र यादव, वीरेंद्र सिंह, अमित पटेल, आरक्षक समरेन्द्र, आलोक यादव, गोपाल राय, अभिरंजन सिंह, हरेन्द्र, दिनेश दुबे, लालजी यादव, वीरेंद्र, सुजीत, चंदन और संदीप मेहरा की भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।



