जबलपुर में खूनी रंजिश का खौफनाक अंत! नौशाद की हत्या से दहला हनुमानताल, 7 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जबलपुर ! कहते हैं कि पुरानी रंजिश जब बदले की आग बन जाती है, तो उसका अंजाम बेहद खौफनाक होता है। जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में भी कुछ ऐसा ही हुआ। दो महीने पुरानी रंजिश का बदला लेने के आरोप में हमलावरों ने 17 वर्षीय नौशाद उर्फ डी को निशाना बनाया। चारखंबा बारात घर के पास शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि चाकुओं से लैस होकर पहुंचे युवकों ने नौशाद को घेर लिया और उस पर लगातार वार किए। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए नौशाद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो महीने पुरानी रंजिश, फिर चाकुओं से हमला!
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, नौशाद के भाई के साथ करीब दो महीने पहले मारपीट हुई थी। इसी बात को लेकर नौशाद और कुछ युवकों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोप है कि 15 नवंबर को नौशाद अपने साथियों के साथ चारखंबा बारात घर के पास खड़ा था, तभी रेहान अहमद अंसारी, मेराज अली उर्फ मेहराज और एक किशोर मोटरसाइकिल से पहुंचे। इसके बाद आमीन मंसूरी, जैनुल आब्दीन और अन्य किशोर भी वहां आ गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर नौशाद पर चाकुओं से हमला किया। हमले के दौरान जैनुल पर चिप से सिर पर वार करने का भी आरोप है। हमलावरों ने धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
नागपुर भागने की तैयारी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा!
वारदात के बाद आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे। पुलिस को सूचना मिली कि सभी नागपुर जाने के लिए आईएसबीटी बस स्टैंड के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेहान अहमद अंसारी, आमीन मंसूरी, मेराज अली उर्फ मेहराज, जैनुल आब्दीन और तीन विधि-विवादित बालकों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया और हथियार तथा वाहन छिपाने की जानकारी दी।
पांच चाकू और तीन वाहन जब्त,
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 5 चाकू, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, यामाहा मोटरसाइकिल और एक एक्सिस वाहन जब्त किया। चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। तीन विधि-विवादित बालकों के मामले में किशोर न्याय प्रक्रिया अपनाई गई।
एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर बनी विशेष टीम,
इस गंभीर हत्याकांड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शशांक सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आईएसबीटी से पकड़ने में सफलता हासिल की।
हनुमानताल थाना पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान,
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, राजेश पाण्डे, रोहणी शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली, विनीत श्रीवास्तव, राजा भैया चौबे, शिवशंकर यादव और सैय्यद सबीह रिजवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एक किशोर की जिंदगी खत्म, पुलिस की कार्रवाई से सातों पकड़ में,
यह हत्याकांड सिर्फ दो पक्षों की पुरानी रंजिश की कहानी नहीं, बल्कि उस हिंसक सोच का नतीजा है जिसमें बदले के लिए एक किशोर की जान ले ली गई। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में हनुमानताल पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को पकड़ लिया। अब इस मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया के जरिए मृतक नौशाद को इंसाफ मिलने की उम्मीद है।



