Madhya Pradesh

बरेला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 16 लाख का गांजा किया जब्त

बरेला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने 16 लाख का गांजा किया जब्त

 

जबलपुर में नशे के कारोबार पर एक बार फिर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। बरेला थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 33 किलो 300 ग्राम गांजा, क्रेटा कार, दो मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 16 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई ने यह भी उजागर किया है कि उड़ीसा से जबलपुर तक नशे का नेटवर्क सक्रिय है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय और उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में बरेला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रणनीति तैयार की।

थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंडला की ओर से एक सफेद रंग की क्रेटा कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जबलपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही शारदा मंदिर तिराहे के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, चालक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान बुलराजू पिता वैंकट राव, उम्र 57 वर्ष, निवासी पश्चिम गोदावरी, आंध्रप्रदेश और वर्तमान निवासी शास्त्री नगर तिलवारा के रूप में हुई। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो सीटों के नीचे और बोनट के ऊपर विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। तौल में कुल 33 किलो 300 ग्राम गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत करीब 16 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा के टिटलागढ़ क्षेत्र से गांजा खरीदकर जबलपुर लाता था और यहां भानतलैया निवासी शुभम सोनकर को सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह उईके, के.पी. झारिया, मुनीम सिंह कुलस्ते, यादवेन्द्र गिरी, आरक्षक रवि शर्मा और प्रिंस कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला तथा आरक्षक राजेश मातरे, विनय सिंह और राजेश मिश्रा ने कार्रवाई को सफल बनाया।

जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles