Madhya Pradesh

Jabalpur: धनवंतरी नगर में खूनी खेल: पहले पार्टी, फिर चाकू से कत्ल… कमरे में मिली युवक की लाश से फैली सनसनी

धनवंतरी नगर में खूनी खेल: पहले पार्टी, फिर चाकू से कत्ल… कमरे में मिली युवक की लाश से फैली सनसनी

जबलपुर के धनवंतरी नगर इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से सनी लाश उसके ही कमरे में बरामद हुई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय चिंगम उर्फ सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो इलाके में पान की टपरी चलाता था। युवक की हत्या जिस बेरहमी से की गई, उसने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है, जहां गला घोंटने के बाद चाकू मारकर युवक को मौत के घाट उतारा गया।

जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र धनवंतरी चौराहे के पास पूर्व सरपंच राजू पटेल के मकान में केयरटेकर के तौर पर रह रहा था। शुक्रवार सुबह उसका बड़ा भाई अरविंद प्रधान ठाकुर रोज की तरह टिफिन देने कमरे पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा हल्का खुला देखकर उसे कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। जैसे ही वह अंदर पहुंचा, वहां का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सुरेंद्र पलंग के नीचे मृत हालत में पड़ा था। उसके गले में गमछा कसकर लिपटा हुआ था और पास में खून से सनी चाकू पड़ी थी। कमरे में संघर्ष के निशान भी दिखाई दे रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के हाथ और शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। गले पर दबाव के स्पष्ट संकेत हैं, जबकि चाकू से हमला किए जाने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई लगती है।

मामले में एक बड़ा खुलासा तब हुआ, जब परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात सुरेंद्र ने कुछ लोगों के साथ मकान की छत पर पार्टी की थी। आशंका जताई जा रही है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बाद में उसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस अब उन सभी लोगों की तलाश कर रही है, जो रात में सुरेंद्र के साथ मौजूद थे।

धनवंतरी नगर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही पुलिस मृतक की कॉल डिटेल और मोबाइल रिकॉर्ड भी जांच रही है, ताकि आखिरी बार उससे संपर्क करने वालों तक पहुंचा जा सके।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रहवासी क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button