रंग लाई निगमायुक्त आरपी अहिरवार की मेहनत और सक्रियता, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में जबलपुर नगर निगम फिर अव्वल
शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के बाद ही अधिकांश प्रकरणों का किया गया निराकरण - निगमायुक्त


जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में सक्रियता से कार्य कर रही उनकी टीम की मेहनत एवं मॉनिटरिंग एक बार फिर रंग लाई है। सी.एम. हेल्पलाइन के माध्यम से नगर निगम को प्राप्त अधिकांश शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर नगर निगम ने वेटेज स्कोर के आधार पर 98.86 प्रतिशत प्राप्त कर प्रदेश में लगातार ग्यारहवीं बार अव्वल स्थान हासिल करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा कुल 3 हजार 2 सौ 17 शिकायतों में से लगभग 59.44 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर किया गया। नगर निगम को इसके लिए आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को मध्यप्रदेश शासन के द्वारा जारी ग्रेडिंग लिस्ट में प्रदेश में ग्यारहवीं बार प्रथम रैंक ए ग्रेड के रूप में प्राप्त हुआ है।
निगमायुक्त ने पूरी टीम को दी बधाई – निगमायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी और आगे भी इसी तरह से काम करने की प्रेरणा भी दी।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रतिमाह नगर निगम के कार्यो की ग्रेडिंग जारी की जाती है। जिसके अंतर्गत माह जुलाई 2026 की ग्रेडिंग जारी हुई है, जिसमें जबलपुर को ए ग्रेड और प्रदेश के सभी नगर निगमों में लगातार ग्यारहवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है।

नागरिकों की संतुष्टि ही निगम प्रशासन की प्राथमिकता – निगमायुक्त – सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के सफलतापूर्वक निराकरण के बाद नगर निगम प्रशासन को मिली इस उपलब्धि पर निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने खुशी जताते हुए कहा है कि पूरी टीम के प्रयासों और शिकायतकर्ताओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण ही यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा है कि नागरिकों की संतुष्टि ही नगर निगम प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इस दिशा में ही निगम प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।



