Madhya Pradesh

जबलपुर खुलेआम छलक रहे जाम, LIC शराब दुकान के बाजू अवैध आहता—आबकारी विभाग बेखबर

खुलेआम छलक रहे जाम, LIC शराब दुकान के बाजू अवैध आहता—आबकारी विभाग बेखबर

जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में एलआईसी शराब दुकान के बाजू से खुलेआम अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है, जिसने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां लंबे समय से नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन आबकारी विभाग अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाया है।

जानकारी के अनुसार, अधिकृत शराब दुकान के ठीक बाजू में अवैध रूप से शराब परोसने और पिलाने का काम किया जा रहा है। शाम होते ही यह स्थान अस्थायी आहते में तब्दील हो जाता है, जहां लोगों की भीड़ लगती है और खुलेआम शराब का सेवन किया जाता है। यह पूरा घटनाक्रम आबकारी नियमों का सीधा उल्लंघन है, जिसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन बने हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि के चलते क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। आए दिन नशे में धुत लोगों द्वारा हंगामा, गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनती है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग को कई बार इस मामले की जानकारी दी गई, लेकिन हर बार सिर्फ औपचारिकता निभाई गई। न तो मौके पर सख्त जांच हुई और न ही अवैध शराब परोसने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि या तो विभाग पूरी तरह लापरवाह है या फिर इस अवैध कारोबार पर जानबूझकर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

अब सवाल यह उठता है कि आखिर आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था कहां है, और क्यों इस तरह खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध शराब के इस अड्डे को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल सुधर सके।

Related Articles

Back to top button