Madhya Pradesh

जबलपुर: पाटन में चोरों का राज, पुलिस सिर्फ दर्ज कर रही एफआईआर! दिनदहाड़े लाखों की चोरी ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

पाटन में चोरों का राज, पुलिस सिर्फ दर्ज कर रही एफआईआर! दिनदहाड़े लाखों की चोरी ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

 

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न पुलिस का डर है और न ही कानून का खौफ। ताजा मामला नाका नंबर-02 चौधरी मोहल्ला का है, जहां दिनदहाड़े एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। इस घटना ने एक बार फिर पाटन थाना पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में कानून व्यवस्था की हकीकत को उजागर कर दिया है।

घनश्याम प्रजापति अपनी मां के साथ खेत में काम करने गया था। घर में ताला लगा था और पिता मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। परिवार को क्या पता था कि उनकी गैरमौजूदगी में चोर घर पर धावा बोल देंगे। दोपहर करीब एक बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और ड्रम में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 20 हजार रुपये नकद गायब थे।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात के दौरान पुलिस कहां थी? पाटन नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त और निगरानी का असर कहीं दिखाई नहीं देता। यदि क्षेत्र में नियमित और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग होती तो शायद चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार नहीं हो पाते।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पाटन थाना पुलिस अपराध होने के बाद सिर्फ मामला दर्ज करने तक सीमित रह जाती है। हर बड़ी चोरी के बाद जांच और जल्द खुलासे के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में अधिकांश मामलों का खुलासा नहीं हो पाता। यही कारण है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

चोरी गए सामान में चांदी का कड़डोरा, चार जोड़ी पायल, दो चांदी की चैन, बीस बिछिया, कई चांदी की अंगूठियां, कंगन, सोने के टॉप्स, सोने की अंगूठी, सोने की गुरिया और 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं। यह मेहनतकश परिवार की वर्षों की जमा पूंजी थी, जिस पर चोरों ने कुछ ही मिनटों में हाथ साफ कर दिया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब लोगों का भरोसा सिर्फ एफआईआर पर नहीं बल्कि परिणाम पर है। सवाल यह है कि आखिर पाटन थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर लगाम कब लगेगी? क्या पुलिस अपराध होने का इंतजार करती रहेगी या फिर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कोई ठोस रणनीति भी बनाई जाएगी?

The Mirror MP

वेंकटेश कोरी — निदेशक एवं संपादक — The Mirror MP — जबलपुर में पिछले 20 से अधिक वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार वेंकटेश कोरी ने लोकल, रीजनल, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया/वेब के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्य किया है। न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग, स्क्रिप्टिंग, वॉयस ओवर, टॉक शो एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग में व्यापक अनुभव रखने वाले वेंकटेश कोरी वर्तमान में अनेक नेशनल न्यूज़ चैनलों के लिए जबलपुर से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता : • डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (DCA) – माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल • बैचलर ऑफ कॉमर्स (कंप्यूटर एप्लीकेशन) (B.Com CA) • बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (BJC) • मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) • मास्टर ऑफ आर्ट्स फिलॉसफी (MA.Phil.) • वर्तमान में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन (MJC) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles